दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी की मिसाल पेश की है। दिल्ली के उत्तम नगर के बिंदापुर थाना इलाके में दिल्ली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 3 साल के गुमशुदा मासूम को महज एक घंटे के अंदर ढूंढ निकाला। दरअसल, उत्तर नगर के गुरु हरि किशन नगर के बुध बाजार गली नम्बर 3 में रहने वाले संजय ठाकुर और उषा ठाकुर का 3 साल का बेटा आदित्य बुधवार को शाम 5:30 बजे घर के बाहर सड़क पर खेलने के दौरान लापता हो गया।
मासूम की मां उषा ने पूरे इलाके में अपने बेटे को ढूंढा, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। बच्चे की मां ने थक हारकर दिल्ली पुलिस की PCR- 112 नंबर पर रात 8:15 बजे काॅल किया। काॅल करने के बाद PCR में तैनात हेड कांस्टेबल जगदेव सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शिकायत मिलने के महज 1 घंटे के अंदर मासूम को ढूंढ निकाला।
आपको बता दें कि PCR काॅल पर एक बच्चे के अकेले मिलने की कॉल आयी थी साथ ही मासूम की माँ के द्वारा भी गुमशुदगी की शिकायत PCR कॉल पर मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस ने बिंदापुर के मच्छी बाजार इलाके से मासूम को बरामद कर परिवार से मिलवा दिया।