मद्रास हाई कोर्ट ने दोबारा शादी में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए हिंदू विवाह कानून में बदलाव का सुझाव दिया है। मद्रास हाई कोर्ट ने कहा है कि शादी करने का अधिकार एक मानवाधिकार है। साथ ही हाई कोर्ट ने कहा कि इस अधिकार पर लगी पाबंदियों की व्याख्या सख्ती से की जानी चाहिए। हाई कोर्ट ने सुझाव दिया कि हिंदू विवाह कानून में संशोधन किया जाए, ताकि तलाक के खिलाफ लंबित अपील के कारण दोबारा शादी में अनिश्चितकाल तक देरी न हो।
जस्टिस जीआर स्वामीनाथन और एमडी सुमति की डिवीजन बेंच ने कहा कि हिंदू विवाह अधिनियम 1955 की धारा 15 में संशोधन किया जाना चाहिए, ताकि तलाक के फैसले को चुनौती देने वाले व्यक्ति को अपील दायर करने के दो महीने के भीतर अंतरिम रोक हासिल करना अनिवार्य हो, अभी धारा 15 तलाकशुदा व्यक्ति को दोबारा शादी करने की अनुमति तभी देती है।
जब तीन शर्तों में से कोई एक पूरी हो: जहां अपील का कोई अधिकार न हो, या जहां अपील दायर करने का समय बिना अपील दायर किए ही खत्म हो गया हो या जहां अपील दायर की गई हो लेकिन खारिज कर दी गई हो, इसका मतलब यह था कि कोई व्यक्ति तलाक के फैसले के खिलाफ अपील दायर कर सकता था और दूसरे पक्ष को दोबारा शादी करने से रोक सकता था। हाई कोर्ट ने कहा कि केवल समय पर अपील दायर कर देना ही उस जीवनसाथी को, जिसके पक्ष में फैसला आया है, सालों तक दोबारा शादी करने से रोकने के लिए काफी नहीं होना चाहिए।